बलिया : खबरें एक नजर में…

Share on Facebook
Tweet on Twitter

नामांकन पत्रों की जांच गुरुवार को

बलिया। विधानसभा चुनाव के लिए जनपद की कुल सात विस सीटों के लिए कुल 121 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किया है। ऐसे में जिला प्रशासन की ओर से गुरुवार को सभी नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। इस दौरान शपथपत्र व पर्चा दाखिला में कोई कमी पाए जाने पर नामांकन पत्र को खारिज भी किया जाएगा। इसके लिए जिला निर्वाचन अधिकारी गोविंद राजू एनएस ने सभी विधानसभा के आरओ को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। साथ ही प्रत्याशियों द्वारा दी गई सूचना को गहनता से जांच पड़ताल करने के निर्देश दिए हैं।

 
रेलवे स्टेशन पर धमकी विजिलेंस टीम

बलिया। गोरखपुर रेलवे जोन की विजिलेंस टीम बुधवार को अचानक बलिया रेलवे स्टेशन पर आ धमकी। टीम के आने की भनक किसी को लगती उससे पहले टीम के सदस्य सीधे रेलवे स्टेशन के सरकुलेटिंग एरिया में वाहन स्टैंड के पास पहुंच गए और गुपचुप तरीके से उस पर नजर रखने लगे। इस दौरान वाहन स्टैंड संचालक को दो पहिया वाहन चालकों से पांच की जगह 10 रुपये लेते रंगे हाथ पकड़ लिया गया।
टीम के सदस्यों की आने की सूचना स्थानीय स्तर पर किसी को नहीं थी। टीम के सदस्यों ने जब एक नंबर प्लेटफार्म पर स्टेशन अधीक्षक कार्यालय में पहुंचकर अपना परिचय देते हुए वाहन स्टैंड से संबंधित कागजात की मांग किए तब जाकर लोगों को पता चला कि स्टेशन पर विजिलेंस की टीम आई है।

 
स्कार्पियो ने चार को रौंदा

बलिया। बलिया-सिकंदरपुर मुख्य मार्ग पर शहर की बाहरी सीमा बहादुरपुर कालानी मोड़ के पास मंगलवार की रात करीब सवा दस बजे स्कार्पियों ने दो बाइक सवार चार लोगों को रौंद दिया। इसमें ईश्वर राय उर्फ गोपाल जी (55) निवासी लीलकर, सिकंदरपुर व अभय सिंह (35) निवासी शेरिया, बांसडीह की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं इन बाइकों पर सवार राजेश कुमार सिंह (35) निवासी रामदहिन पुरम व गुड्डू राय (55) निवासी लीलकर गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें गुड्डू राय की हालत गंभीर देख जिला अस्पताल से चिकित्सकों ने वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। जनता ने नशे में धुत स्कार्पियो चालक मनीष यादव निवासी बादिलपुर, हल्दी को गिरफ्तार कर लिया।
शहर क्षेत्र के भृगु आश्रम में आयोजित एक शादी समारोह में ईश्वर चंद व गुड्डू राय शामिल होने के लिए बाइक से आए हुए थे। यहां से शामिल होकर लीलकर अपने गांव की तरफ जा रहे थे। इसी बीच बहादुरपुर के पास शहर की तरफ से तेज गति की स्कार्पियो ने इन दोनों के अलावा एक अन्य बाइक पर सवार दो लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। दोनों वाहनों को रौंदते हुए स्कार्पियो बगल में एक मकान का गेट तोड़ते हुए जाकर रुकी। इसकी चपेट में आने से ईश्वर राय व अभय सिंह की मौके पर मौत हो गई। यह देख आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। गाड़ी में फंसे चालक को किसी तरह से बाहर निकाला गया। उसके नशे में होने के कारण जनता ने उसकी पिटाई करते हुए पुलिस को सौंप दिया। घटना की सूचना पाकर अपर पुलिस अधीक्षक राम यज्ञ यादव, सीओ सिटी केसी सिंह, सदर कोतवाल अनिल तिवारी व चौकी इंचार्ज बृजेश शुक्ला, मेहरे आलम समेत फोर्स मौके पर पहुंच गई। घायलों को 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजवाया गया। चिकित्सकों ने जांच के बाद दो लोगों को मृत घोषित कर दिया।

 

चोरों ने उड़ा दिए गहने

बलिया। सदर कोतवाली क्षेत्र के जापलिनगंज मिश्र टोली में मंगलवार की रात चोरों ने कमरे का ताला तोड़कर नकदी समेत गहने उड़ा दिए। घटना के वक्त परिवार के सदस्य रिेश्तेदारी में मुंडन संस्कार में गए हुए थे। शहर में बढ़ रही चोरी की घटनाओं से लोगों में दहशत व्याप्त है।
आशीष मिश्रा के परिवार के सदस्य नगवां गांव रिश्तेदारी में आयोजित मुंडन संस्कार में भाग लेने गए हुए थे। इसके चलते मकान में ताला बंद था और निगरानी के लिए पड़ोसी को बोल गए थे। रात को चोरों ने मकान का ताला तोड़कर प्रवेश कर गए। इसके बाद कमरों में रखी अलमारी व बक्सा को तोड़ दिए। इसमें रखा 20 हजार नकदी, सोने व चांदी के गहनों को समेट लिया। अगल-बगल के लोगों को इसकी जानकारी अगले दिन सुबह हुई। इसकी सूचना रिश्तदारी में गए परिवार वालों को दी गई। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। चोरों ने इसके पूर्व भी जगदीशपुर में बंद मकान का ताला तोड़ा था। पुलिस अभी तक इसका खुलासा नहीं कर सकी है।

 
तमंचा संग युवक गिरफ्तार

बलिया। मनियर थाना पुलिस ने बस स्टैंड के पास तमंचा व कारतूस के साथ अजय राम निवासी मनियर दलित बस्ती को गिरफ्तार किया। पुलिस स्टैंड के पास वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी बीच युवक पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस ने इसे दौड़ा कर पकड़ लिया। पुलिस के चेकिंग में इसके पास 315 बोर का तमंचा व दो कारतूस मिला।

 
पुलिस लाइन आईये, किराया ले जाईये

बलिया। जिन लोगों के वाहन विधानसभा चुनाव 2012, लोकसभा 2014, पंचायत चुनाव 2015, जिला पंचायत चुनाव 2015, ग्राम पंचायत चुनाव 2015 में उप्र पुलिस (बलिया पुलिस) द्वारा अधिकृत किये गये थे, उन वाहनों का किराया पुलिस मुख्यालय से प्राप्त हो चुका है, जो पुलिस लाइन बलिया के परिवहन शाखा के कार्यालय से वितरित किया जा रहा है। जिसका समय सुबह 10.00 बजे से 17.00 बजे तक है । ऐसे वाहनों के स्वामी अपना किराया पुलिस लाइन बलिया के परिवहन शाखा के कार्यालय से प्राप्त कर सकते हैं। जिसमें आप को अपना रिलीज आर्डर लाना आवश्यक है।

 

क्षेत्र का विकास मेरी पहली प्राथमिकता : लक्ष्मण गुप्ता

बलिया। समाजवादी पार्टी के बलिया नगर विधानसभा प्रत्याशी लक्ष्मण गुप्ता ने आज इस विधानसभा के सर्वांधिक बाढ़ प्रभावित क्षेत्र बसरिकापुर, रामपुर टिटिही, कछुआ, ओझा कछुआ, विशुनपुरा, ओझवलिया दोपही, मोहन छपरा और बन्धुचक गाँव में आज अपना जनसम्पर्क अभियान जारी रखा। इन गाँवों में पहुचने पर उत्साही हजारों समर्थकों ने अखिलेश यादव जिन्दाबाद लक्ष्मण गुप्ता जिन्दाबाद मुलायम सिंह यादव जिन्दाबाद लक्ष्मण गुप्ता जिन्दाबाद नीरज शेखर जिन्दाबाद, रविशंकर सिंह पप्पू जिन्दाबाद के नारे लगाते हुये श्री गुप्त को फुल मालाओं से लाद दिया। इन गाँवों के जन सम्पर्क अभियान में श्री गुप्त लोगों से जन समस्याओं की जानकारी ली। क्षेत्रिय लोगो की शिकायतों में बाढ़ के दौरान कम सरकारी सहायता मिलने की बात सामने आयी वही इस क्षेत्र को बाढ़ से बचाने के लिए बरसों पहले बनाये गये रिंग बॉध को मरम्मत कराने की भी मॉग जनता की तरफ से उठायी गयी। जन समस्याओं से रूबरू होने के बाद सपा प्रत्याशी लक्ष्मण गुप्त ने लोगों को आश्वासन दिया कि इस क्षेत्र के लोगों को बाढ़ से बचाने के लिए जहाँ प्राथमिकता के अधार पर रिंग बंधे को मरम्मत कराया जायेगा। वहीं बाढ़ के समय आवश्यकतानुसार नाव से लेकर राहत सामग्री तक प्राथमिकता के अधार पर पहुंचायी जायेगी। कहा कि साथ ही इस क्षेत्र को सड़क और बिजली की सुविधा से लैस किया जायेगा। श्री गुप्त ने कहा कि हजारी प्रसाद द्विवेदी जैसे यशस्वी साहित्यकार की इस धरा को अब और उपेक्षित नही होने दिया जायेगा और यह क्षेत्र भी विकास मामले में अन्य क्षेत्रों के साथ कन्धे से कन्धा मिलाकर चलने का काम करेगा। कहा कि बलिया नगर विधानसभा क्षेत्र का विकास करना मेरी प्राथमिकता है जो आप सबके मत से विजयी होने के बाद करने में सक्षम होउंगा।

 

बिल्थरारोड डिपो को मिली 24 नई बसें
बलिया। उ़प्र राजकीय सड़क परिवहन निगम की स्थानीय डिपो के विस्तारिकरण में कुल 45 बसें विराजमान हो चुकी हैं। इससे यह डिपो विशाल डिपो के रुप में दिखने लगा है। बिल्थरा डिपो को अभी तक नई कुल 24 बसें मिली हैं, जिसमें 16 बसें चुनाव कार्य के लिए रवाना हो चुकी हैं। मौके पर नई व पुरानी मिलाकर 26 बसों का संचालन जारी है। प्रगति को देखने के बाद ऐसा लग रहा है कि पूरे आजमगढ़ रीजन में यह डिपो प्रगति पुरस्कार का पात्र बनेगा। डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबन्धक सुबाष राय ने बताया कि डिपो के विकास के क्रम में स्टेशन भवन, कार्यशाला व सुन्दरीकरण का कार्य प्रगति पर जारी है। बसें मिली हैं, लेकिन 91 परिचालक के सापेक्ष 44 परिचालक की आवश्यकता है। इसके लिए पत्राचार जारी है। चालक मानक के अनुरुप 91 की संख्या में मौजूद हैं। 45 बसों में तीन बसें ओवरएज होने के कारण नीलामी के लिए मुख्यालय रवाना की जा चुकी हैं। नई बसों का मिलना विगत् अक्टूबर माह से ही शुरु हो गया था। उन्होने कहा कि स्टेशन की पुरानी रुटों के अलावे आवश्यकता के अनुसार यात्रियों एवं विभाग हित को देखते हुए नये रुट चार्ट तैयार किये जा रहे हैं। चुनाव समाप्त होते ही उसे लागू किया जायेगा। कहा कि गोरखपुर, पड़रौना, ठूठीबारी, सोनौली, आजमगढ़, वाराणसी, इलाहाबाद, नई दिल्ली, गाजीपुर, बलिया, रसड़ा, मऊ , कानुपर, सोनांचल आदि के लिए बस सेवा संचालित किये जाने की योजना बनायी जा रही है। कहा कि यात्री हितों के लिए अभी अनेक कार्य शेष हैं।