काशी में प्रियंका गांधी का मेगा शो, बढ़ी भाजपा की टेंशन

Share on Facebook
Tweet on Twitter

वाराणसी।कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने वाराणसी के लंका स्थित मालवीय प्रतिमा पर माल्यार्पण कर गोदौलिया तक रोड शो किया। इस दौरान रथ पर वाराणसी से कांग्रेस प्रत्याशी अजय राय और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल मौजूद रहे।

बुधवार शाम 6.15 बजे प्रियंका गांधी ने लंका स्थित मालवीय प्रतिमा पर माल्यार्पण कर रोड शो शुरू किया। इस दौरान सड़क पर खड़ी जनता का हाथ हिलाकर अभिवादन किया, डिवाइडर पर खड़े लोगों से हाथ मिलाया। प्रियंका गांधी के रोड शो के दौरान सभी उनकी एक झलक पाने के लिए आतुर दिखे।

प्रियंका गांधी भी सभी का अभिवादन स्वीकारती चल रही थीं। रोड शो के दौरान वहां मौजूद लोगों ने प्रियंका गंधी से अस्सी नाला देखने का आग्रह किया। इसके बाद प्रियंका गांधी ने अपना रथ रुकवा कर अस्सी नाला देखने के लिए नीचे प्रियंका उतरीं। इस दौरान लोगों ने घरों में आने वाला गंदा पानी बोतल में भर कर दिखाया।
प्रियंका गांधी से मिलने के लिए लोग सुरक्षा घेरा तोड़ने पर उतारू हो गए। भीड़ को काबू करने में पुलिस के पसीने छूट गए। प्रियंका गांधी का काफिला गोदौलिया पहुंचते ही काशी विश्वनाथ मंदिर में पूजा कराने की तैयारियां शुरू हो गई।

प्रियंका गांधी ज्ञानवापी की तरफ से काशी विश्वनाथ का दर्शन करने पहुंची। उनका स्वागत डमरू दल से हुआ। गर्भ गृह में पूजा करने के बाद मंदिर से दौड़ते हुए बाहर निकली प्रियंका। इसके बाद प्रियंका गांधी कालभैरव मंदिर से दर्शन कर के निकल गईं और कांग्रेस के लिए जीत के लिए आशिर्वाद मांगा।

भाजपा कार्यकर्ता की पिटाई

प्रियंका गांधी के रोड शो से पहले लंका गेट के पास भाजपा कार्यकर्ता की कांग्रेसियों ने पिटाई कर दी। पूरा मामला रोड शो के शुरुआत की जगह लंका चौराहे की है। यहां पर कांग्रेसी कार्यकर्ता ‘चौकीदार चोर है’ के नारे लगा रहे थे। नारे पर भाजपा कार्यकर्ता चंद्रशेखर ने गुस्‍से में प्रियंका और राबर्ट वाड्रा के खिलाफ अपशब्द कहा तो कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उसे जमकर पीट दिया। विवाद बढ़ता देखकर लंका पुलिस उसे थाने ले गई। पेशे से अधिवक्‍ता भाजपा कार्यकर्ता संग मारपीट किए जाने से कुछ देर तक कार्यक्रम स्‍थल पर विवाद की स्थित‍ि बनी रही।

वहीं सुरक्षा कारणों से अस्सी पर नमो अगेन की टी शर्ट पहने लगभग 20 लोगों से सीओ भेलूपुर अनिल कुमार ने टी शर्ट उतरवा लिया। वहीं भाजपा का झंडा लिए भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ भी कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की झड़प रोड शो के दौरान हुई है, इस दौरान कांग्रेस के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने नारे भी लगाए। रात साढ़े आठ बजे सोनारपुरा में कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ता आमने सामने हुए तो झड़प की नौबत यहां भी आ गई।